अमृतपुर। क्षेत्र के गांव लभेड़ा में गांव की ईंटें उखाड़कर जिला पंचायत से नया खड़ंजा बिछाया जा रहा था। इस संबंध में अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने संज्ञान लिया। ठेकेदार को नोटिस मिलते ही पुरानी ईंटें उखाड़कर प्रधान की सुपुर्दगी में दे दी गईं।
तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत अलादपुर भटौली के मजरा लभेड़ा में जिला पंचायत से करीब 500 मीटर सीसी रोड बनाई जा रही है। जबकि गांव करनपुर दत्त के मजरा कुआं की मड़ैया में खड़ंजा बनाया जाना है। एक जिला पंचायत सदस्य के करीबी ठेकेदार ने गांव लभेड़ा में बिछे पुराने खड़ंजे की ईंटें उखाड़कर गांव कुआं की मड़ैया में खड़ंजा बनवाना शुरू कर दिया था। इस संबंध में अमर उजाला ने चार अक्तूबर के अंक में समाचार प्रकाशित किया। इस पर जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ने ठेकेदार को जमकर हड़काने के साथ नोटिस थमा दिया। इससे घबराए ठेकेदार ने गांव कुआं की मड़ैया के खड़ंजे में लगाई गईं पुरानी ईंटें उखड़वा लीं और गांव अलादपुर भटौली पहुंचाने के साथ प्रधान शिवा देवी की जिम्मेदारी में सौंप दीं। हालांकि अभी गांव कुआं की मड़ैया में नई ईंटों से खड़ंजे का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। एएमए नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि उन्होंने ठेकेदार को नोटिस दिया था। इससे पुरानी ईंटों से बन रहे खड़ंजे की ईंटें उखाड़कर फिर वहीं पर पहुंचा दी गई हैैं।