फर्रुखाबाद। सात लाख का लोन दिलाने का झांसा देकर बैंक कर्मी ने 50हजार रुपये जमा करवा लिए। पीड़ित ने कार्रवाई को लेकर एसपी से गुहार लगाई है।
कादरीगेट थाना क्षेत्र के गांव अमेठी जदीद निवासी शानू खां ने सोमवार को एसपी विकास कुमार को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें आरोप लगाया कि फतेहगढ़ के मोहल्ला शीशम बाग स्थित इन्डस लैंड बैंक से उसने लोन लिया था। एक लाख के लोन पर 52 हजार व साठ हजार के लोन पर 27 हजार रुपये जमा कर चुका था। बैंक कर्मचारी ने कहा कि लोन के लिए एक नया ऑफर आया है। दो हफ्ते के लिए पुराना लोन खत्म कर दो। इसके बाद सात लाख का लोन स्वीकृत करवा देंगे। कर्मचारी ने बैंक मैनेजर सहित एक अन्य अधिकारी से इस संबंध में बात करवाई। अधिकारी ने बताया कि सात लाख के लोन की स्वीकृत के लिए मेल डाल दी है।
शानू खां ने विश्वास करके बैंक में 18 सितंबर को पचास हजार रुपये जमा कर दिया। 19 सितंबर को बैंक में संपर्क किया, तो कर्मचारी व अधिकारी ने लोन स्वीकृत करने से इन्कार कर दिया। उसको बैंक से अभद्रता करके भगा दिया। एसपी ने मामले में जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। (संवाद)