कायमगंज में संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायते सुनते डीएम व एसपी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज। संपूर्ण समाधान दिवस में भी फरियादियों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। कई फरियादी तो कई माह से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे फरियादी परेशान हैं।
तहसील सभागार में डीएम संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में शीतलहर चलने के बावजूद फरियादियों की खासी भीड़ रही। सभी अधिकारी दो बजे तक समाधान दिवस में रहे, लेकिन पंजीकरण काउंटर डेढ़ बजे बंद हो गया और कर्मचारी भी उठ गए। जब खाली टेबलों पर कैमरे की फ्लैश पड़ी तो वहां पर ड्यूटी वाले कर्मचारी फिर से आकर बैठ गए और फिर शिकायतें दर्ज करने लगे। इस बीच कई फरियादी वापस चले गए।
इस बार संपूर्ण समाधान दिवस में न तो कोरोना हेल्प डेस्क काउंटर लगा और न ही कोरोना टीकाकरण का काउंटर लगा। कुछ फरियादी बिना मास्क के ही आते-जाते रहे। 179 शिकायतों में महज 15 का मौके पर निस्तारण हो सका। एसपी अशोक कुमार मीणा मौजूद रहे।