फर्रुखाबाद। बढ़पुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत अजमतपुर के विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायत पर रविवार को कमेटी के अधिकारियों ने गांव पहुंचकर जांच की। सड़कें व इंटरलॉकिंग खोदकर चेक की गई।
प्रधान के निजी खाते में भी भुगतान होने की पुष्टि हुई। गांव अजमतपुर निवासी देवेंद्र सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, सतेंद्र सिंह आदि ने गांव में हुए विकास कार्यों में भ्रष्टाचार किए जाने की जिलाधिकारी से शिकायत की थी। इस पर जिलाधिकारी ने कमेटी गठित कर जांच के आदेश दिए। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने अवर अभियंताओं के साथ गांव पहुंचकर विकास कार्यों की जांच की। हालांकि 28 बिंदुओं पर की शिकायत के आधार पर कुछ स्थानों पर गड़बड़ियां भी मिलीं।
इसके अलावा प्रधान के निजी खाते में ट्रैक्टर भाड़े का भुगतान होने की भी पुष्टि हुई है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दुर्ण कुमार ने बताया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच की गई है। शीघ्र ही जांच रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।