फर्रुखाबाद। सर्दी से बचाव के लिए सभी सरकारी अस्पतालों के वार्डों में मरीजों व तीमारदारों के लिए रूम हीटर व वार्मर लगाने के आदेश दिए गए हैं। इस संबंध में शासन के आदेश पर सीएमओ ने पत्र जारी किया है।
सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने लोहिया अस्पताल के सीएमएस, सिविल अस्पताल के अधीक्षक के अलावा सभी सीएचसी व पीएचसी प्रभारियों को पत्र जारी किया है। इसमें कहा कि बढ़ती सर्दी के चलते रोगों की संभावना भी बढ़ जाती है। इससे हृदय रोगी, श्वास रोगी, बुजुर्ग व नवजात शिशु के लिए अतिरिक्त सावधानी बरती जाए। शासन के निर्देशानुसार भर्ती मरीजों के लिए वार्डों में रूम हीटर, वार्मर व कंबल आदि की व्यवस्था की जाए।
दरवाजा, खिड़की की जरूरत के अनुसार मरम्मत करा लें, इससे ठंडी हवा न जाए। रैन बसेरा व विश्राम स्थलों में सभी प्रवासियों को भी कंबल की व्यवस्था की जाए। अस्पताल प्रभारी टीम गठित कर रात आठ बजे, 11 बजे व सुबह सात बजे रोस्टर के हिसाब से अस्पताल परिसर व रैन बसेरों का भ्रमण कर व्यवस्था देखें। इससे सर्दी से किसी व्यक्ति के साथ अनहोनी न हो।
आग से सुरक्षा काे देखते हुए रैन बसेरों में तीमारदारों के लिए हैलोजन हीटर ही उपयोग किया जाए। इसके लिए बिजली वायरिंग भी चेक करा लें। पीआईसीयू, एनआईसीयू व एसएनसीयू में तापमान नियंत्रित रखने के लिए वार्मर या एंयर कंडीशन की क्रिया शीलता भी देख ली जाए। बाल रोगियों की आयु के हिसाब से ऑक्सीजन मास्क, नेबुलाइजर मशीन व दवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सर्दी से बचाव व रोगों से सावधान रहने के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए भी कहा गया है।