अमृतपुर। तहसील क्षेत्र के गांव कोलासोता के कोटेदार द्वारा प्राक्सी वितरण किए जाने पर गुरुवार को पूर्ति निरीक्षक ने जांच की। इसमें कोटेदार वितरण संबंधी अभिलेख नहीं दिखा सका। वितरण में अनियमितता पाए जाने पर कोटेदार पर कार्रवाई होना तय है।
क्षेत्र के गांव कोलासोता के कोटेदार अवधेश सिंह द्वारा राशन का ई-पॉस मशीन के बजाय प्राक्सी वितरण में धांधली का मामला पकड़ा गया। डीएसओ के आदेश पर पूर्ति निरीक्षक कायमगंज हिमांचल सिंह ने लिपिक विभोर शुक्ला के साथ गांव पहुंचकर कोटेदार से वितरण संबंधी अभिलेख तलब किए। कोटेदार अभिलेख नहीं दिखा सके। 69 राशन कार्डों पर वितरण के सापेक्ष मात्र आठ लाभार्थियों को ही राशन दिए जाने की पुष्टि हुई। इससे राशन वितरण में अनियमितता का मामला खुलकर सामने आ गया। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि वह अपनी जांच रिपोर्ट डीएसओ को सौंपेंगे। जिला पूर्ति अधिकारी जिवेश कुमार मौर्य ने बताया कि जांच रिपोर्ट में अनियमितता के आधार पर कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।