मोहम्मदाबाद । पत्नी से ससुराल में कहासुनी के बाद नाराज पति ने घर आकर फंदा लगा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने जानकारी कर साक्ष्य जुटाए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव ऊगरपुर निवासी हेमराज (32) गांव में रहता है । पत्नी अल्का बच्चों के साथ नोएडा में रहती है। जनपद मैनपुरी थाना भोगांव के गांव मेरापुर छदामी निवासी साले अशोक की शादी 25 फरवरी को होनी है। पत्नी, बच्चों के साथ 16 फरवरी को नोएडा से सीधे मायके पहुंच गई।
सूचना मिलने पर हेमराज शुक्रवार को ससुराल पहुंचा। वहां पत्नी से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। इससे नाराज होकर हेमराज शनिवार को घर लौट आया। शनिवार रात किसी समय उसने कमरे में पंखे के कुंडे में साड़ी का फंदा लगा लिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रविवार सुबह जब पत्नी अल्का ने हेमराज को फोन किया, तो फोन नहीं उठा। अल्का ने इसकी जानकारी गांव के ही रिश्तेदार प्रमोद को दी।
प्रमोद हेमराज के घर पहुंचा। कई आवाजें देने के बाद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो उसने खिड़की से झांककर देखा तो कमरे में उसका शव पड़ा था। प्रमोद ने इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। अंदर से दरवाजा बंद होने के चलते पुलिस छत पर पड़े जाल की सरिया काट कर कमरे में दाखिल हुई। वहां हेमराज का शव जमीन पर पड़ा था। उसके गले में साड़ी के साथ एक एक रबड़ की रस्सी का फंदा लगा था। हाथ में घाव था। आंखों से खून बह रहा था। सूचना पर पहुंची फील्ड यूनिट ने साक्ष्य एकत्र किए।
मौके पर पहुंची पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हेमराज के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि हेमराज के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।