कायमगंज/कमालगंज। कोरोना वायरस के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए आशा घर-घर जाएंगी। ‘कोरोना वायरस से न घबराएं, खुद बचें और सबको बचाएं’ अभियान को संचारी रोग पखवारा अभियान में भी शामिल कर लिया गया है।
आशा के अलावा एएनएम, विद्यालयों के नोडल शिक्षक व ग्राम पंचायत समिति के सदस्य भी जागरूकता अभियान में शामिल किए जाएंगे। इस संबंध में शनिवार को सीएचसी कमालगंज में 289 आशाओं, 40 एएनएम व एआरपी को ट्रेनिंग दी गई। उधर कायमगंज व नवाबगंज सीएचसी पर भी आशा को प्रशिक्षण दिया गया।
सीएचसी कमालगंज में शनिवार को हुए प्रशिक्षण का शुभारंभ स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी कृष्णकांत मिश्रा व चिकित्सक डॉ. मान सिंह वर्मा ने किया। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं है। जागरूकता से खुद बचें और सबकों बचाएं। इसके लक्षण बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ आदि हैं।
इससे बचाव के लिए हाथों को बार-बार साबुन एवं साफ पानी से धोना चाहिए। खांसते व छींकते समय अपनी नाक और मुंह को रुमाल से ढकना चाहिए। कहा कि सभी आशा 22 फरवरी के बाद इटली, चीन, ईरान, साउथ कोरिया, जर्मनी, स्पेन व फ्रांस से आए लोगों को अनिवार्य रूप से चेकअप के लिए लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद ले जाएं।
कायमगंज प्रतिनिधि के अनुसार सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शिवप्रकाश ने कोरोना वायरस से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए आशाओं को प्रशिक्षण दिया। विनय मिश्रा, यूनिसेफ के मोहम्मद गुफरान मौजूद रहे। उधर नवाबगंज सीएचसी पर भी आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी नोडल शिक्षकों को करेंगे प्रशिक्षित
कमालगंज। 16 से 31 मार्च के बीच चलने वाले संचारी रोग पखवारा की गतिविधियों में कोरोना वायरस जागरूकता गतिविधि को भी शामिल कर लिया गया है। इसके अंतर्गत गांव-गांव निकलने वाली रैलियों में भी कोरोना के लक्षण व बचाव के लिए जनजागरण किया जाएगा।
ग्राम स्वच्छता पोषण समिति की होने वाली बैठक में भी गांव में इसके प्रति सुरक्षा का वातावरण बनाया जाएगा। हर स्कूल में नोडल स्वास्थ्य शिक्षक को इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारी प्रशिक्षित करेंगे। एडीओ पंचायत पंचायत प्रतिनिधियों को जागरूक करेंगे। बेसिक शिक्षा के एआरपी फूल सिंह भी मौजूद रहे।