फर्रुखाबाद। स्वयं को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का भतीजा बताने वाले यात्री के बैग चोरी के मामले में जीआरपी ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में कुछ हाथ न लगा, तो छोड़ दिया गया। अब दूसरे संदिग्ध की तलाश की जा रही है। अभी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर पहुंचती नजर नहीं आ रही है।
अहमदाबाद के सेटेलाइट थानाक्षेत्र के26ए दिव्य शक्ति सोसाइटी निवासी विराज पुत्र अश्विन भाई शाह का बैग मंगलवार को अहमदाबाद एक्सप्रेस से चोरी हो गया था। विराज ने अपने को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का भतीजा बताया, तो जीआरपी ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जीआरपी की आगरा सर्विलांस टीम ने गुरुवार रात थाने की पुलिस को इनपुट भेजा था। इसी के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। कई घंटे की पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया। सर्विलांस टीम ई-टिकट बुक कराने वाले व्यक्ति का अभी तक सही पता नहीं खोज पाया हैै।
- घटना का शीघ्र ही खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया था, मगर कोई सुराग नहीं लगा। अब दूसरे की तलाश है। टीमें बैग चोर की तलाश में लगी हैं।
-विजय कुमार, इंस्पेक्टर, जीआरपी, फर्रुखाबाद।