फर्रुखाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जिला पंचायत पहली बार उप स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कराएगा। जिले के चार ब्लॉकों की 11 ग्राम पंचायतों में करीब 4.53 करोड़ रुपये की लागत से आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए जाएंगे। निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। अब भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है। इसके पूरा होते ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।
ग्रामीणों को उनके नजदीक ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए यह पहल की गई है। वर्तमान में जिले में सीएचसी और पीएचसी के अलावा 234 उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। करीब 150 आयुष्मान आरोग्य केंद्रों पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) तैनात हैं।
प्रत्येक उप स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण पर 41.19 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। करीब 3500 वर्गफीट क्षेत्रफल में बनने वाले भवन में लेबर रूम, क्लीनिक कक्ष, हेल्थ वेलनेस सेंटर, दो अन्य कमरे, रसोई और दो शौचालय बनाए जाएंगे।
कायमगंज ब्लॉक के जौरा और गूजरपुर, शमसाबाद के सुल्तानपुर खरेटा और मिल्क संतोष, कमालगंज के सरफुद्दीनपुर, कतरौली पट्टी और भटपुरा तथा मोहम्मदाबाद ब्लॉक के फगुना अतनपुर, सितवनपुर पिथू, बनकटी और सितवनपुर पिसू गांव में भवनों का निर्माण कराया जाएगा।
जिला पंचायत के अवर अभियंता रामप्रवेश ने बताया कि ग्राम समाज की चिह्नित भूमि स्वास्थ्य विभाग के नाम हस्तांतरित कराई जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।