फर्रुखाबाद। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक अगले सप्ताह किसी भी दिन डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल का निरीक्षण कर सकते हैं। इसकी भनक लगते ही संसाधन दुरुस्त होने लगे। ओपीडी में वाटर कूलर ठीक होने से मरीजों को ठंडा पानी मिलने लगा। एक पर्चा काउंटर बढ़ा दिया गया। एसी, पंखे की मरम्मत के साथ सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाने लगा। उपमुख्यमंत्री को कहीं कोई कमी न दिखे इस पर पूरा जोर दिया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के पास ही स्वास्थ्य महकमा है। अगले सप्ताह उनके दौरे को लेकर अस्पताल में काफी हलचल है। इसी के चलते अस्पताल में व्यवस्थाएं दुरुस्त कर करने का काम तेज हो गया है। ओपीडी के बाहर लगा वाटर कूलर कई महीने से खराब था, उसे ठीक करा दिया गया है।
सालों से खराब पड़े एसी, पंखों, कुर्सियों की भी मरम्मत शुरू हो गई है। बिजली व सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है। अस्पताल में तैयारियां तेजी से चल रही हैं। पर्चा काउंटर पर लग रही लंबी कतारों को कम करने के लिए तीसरा काउंटर खोल दिया गया है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग में बताईं प्राथमिकताएं
उपमुख्यमंत्री ने गुरुवार रात सीएमओ, सीएमएस और अन्य अफसरों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की। कहा कि ओपीडी में मरीजों और तीमारदारों को ठंडा पानी मिलना चाहिए। बैठने के लिए कुर्सी और पंखे की व्यवस्था हो। मरीज पर्चा काउंटर पर अधिक देर खड़े न रहें। सफाई दुरुस्त हो और हर हाल में मरीज को दवा मिलनी चाहिए। वह यह नहीं सुनना चाहते कि डॉक्टर के अभाव में किसी मरीज को दवा नहीं मिली।
चिकित्सक और कर्मी छह घंटे ईमानदारी से करें काम
सीएमएस डॉ. राजकुमार गुप्त ने कहा कि डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों को 24 घंटे में मात्र छह घंटे काम करना होता है। यह काम ईमानदारी से करना चाहिए। इसके बाद कर्मचारी क्या करता है, उसका व्यक्तिगत जीवन है। मगर वह इस दौरान लापरवाही बर्दास्त नहीं करेंगे।
बच्चा वार्ड में बैठेगा पीकू का स्टाफ
सीएमएस डॉ. राजकुमार गुप्त ने बताया कि अफसरों के लिखित निर्देश हैं कि इमरजेंसी के वार्ड में जो भी बच्चा भर्ती होगा, उसे पीकू वार्ड का स्टाफ देखेगा। एक स्टाफ नर्स लगातार वार्ड में बैठेगी। इस आदेश का वह सख्ती से पालन कराएंगे। किसी भी बच्चे को बिना इलाज वापस नहीं किया जा सकता।