फोटो-22 गांव मऊ रशीदाबाद स्थित तालिब के परिजनों से वार्ता करते पुलिस व प्रशासन। संवाद
कायमगंज (फर्रुखाबाद)। फर्जी फर्म के जरिए जीएसटी चोरी कर तंबाकू की अवैध ढुलाई करने वाले गैंग के खिलाफ पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई जारी है। गैंगस्टर जुबैर और सुखवीर की करोड़ों की संपत्तियां कुर्क करने के बाद अब उनके साथी तारिक उर्फ तालिब पर भी शिकंजा कस दिया गया है। शनिवार को प्रशासनिक टीम ने उसके मकान सहित चार वाहनों को जब्त कर लिया। इनकी कीमत एक करोड़ 4 लाख 74 हजार रुपये बताई गई है। कुर्क की संपत्ति में कुछ मां की संपति भी शामिल है।
नायब तहसीलदार हर्षित सिंह के नेतृत्व में टीम बैंड-बाजे के साथ गांव मऊ रशीदाबाद स्थित तालिब के घर पहुंची। यहां विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए मकान को सील कर दिया गया। इसके साथ ही दो कारें और दो ट्रक भी जब्त किए गए। बताया गया कि तालिब के मकान की कीमत करीब 61 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि जब्त किए गए वाहनों की कीमत 43 लाख 74 हजार रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल एक करोड़ 4 लाख 74 हजार रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है।
बताया गया कि जीएसटी चोरी के मामले में गैंगस्टर जुबैर के साथ पहले भी तालिब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस दौरान तालिब हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्थगन (स्टे) ले रखा था। इससे पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। इससे पहले पुलिस ने जुबैर और सुखवीर के मकान व वाहनों पर भी कुर्की की कार्रवाई की थी।
गौरतलब है कि 21 मार्च को पुलिस ने इसी नेटवर्क से जुड़े अमन, अरबाज और फैसल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने 11 व्यापारियों समेत 25 लोगों के नाम उजागर किए थे। इनमें तालिब का नाम भी शामिल था। कार्रवाई के दौरान प्रभारी निरीक्षक एमएम चतुर्वेदी, मेरापुर इंस्पेक्टर राजीव पांडेय, एसओजी के सिपाही सचेन्द्र समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।