फोटो-16 पुलिस गिरफ्त में आरोपी पूर्व प्रधान देवेंद्र यादव। स्रोत: पुलिस
अमृतपुर। साइकिल मिस्त्री ओमवीर राठौर का अपहरण हत्या करने के मामले में आरोपी पूर्व प्रधान को पुलिस ने शनिवार को गांव अंटिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों को पुलिस तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव गुजरपुर पमारान निवासी ओमवीर राठौर 20 जुलाई 2025 को अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी। आठ माह बाद गांव के पास ही एक अप्रैल को उसका कंकाल बरामद किया गया था। इस मामले में फरार चल रहे पूर्व प्रधान सपा नेता देवेंद्र यादव को पुलिस ने थाने से एक किलोमीटर दूर गांव अंटिया के पास से थानाध्यक्ष रक्षा सिंह ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर में डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। जहां न्यायालय ने आरोपी को जेल भेज दिया। इस मामले आरोपी रामू यादव को एक अप्रैल को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दो अप्रैल को उसके भाई सुरजीत को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया था। शनिवार को थानाध्यक्ष रक्षा सिंह ने बताया कि तीसरे आरोपी पूर्व प्रधान जेल भेजा गया है।
पूर्व प्रधान पर छह मामले हैं दर्ज थाना क्षेत्र के गांव गुजरपुर पमारान निवासी पूर्व प्रधान व सपा नेता देवेंद्र यादव पर अपहरण व हत्या सहित कुल छह आपराधिक प्राथमिकी दर्ज हैं।
थानाध्यक्ष रक्षा सिंह ने बताया कि अपहरण, हत्या, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर मामलों में चार प्राथमिकी दर्ज अमृतपुर थाने में दर्ज हैं। इसके अलावा राजेपुर थाने में धारा 120बी, 409 और 506 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज पंजीकृत है। वहीं शहर कोतवाली में बिजली चोरी का भी मामला दर्ज है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार, आरोपी पर विभिन्न गंभीर धाराओं में कार्रवाई हो चुकी है।