फर्रुखाबाद। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं को अब धुले हुए कपड़े पहनने को मिलेंगे। इसके साथ ही रोटी के लिए भी ज्यादा देर इंतजार नहीं करना होगा। बिजली जाने पर जनरेटर चलेगा। बा विद्यालयों में वॉशिंग मशीन, जनरेटर व रोटी मेकिंग मशीन के लिए करीब 23 लाख का बजट मिल गया है।
बॉ विद्यालयों में कक्षा छह से आठ तक छात्राओं को शिक्षा दी जाती है। उनके रहने-खाने व पठन-पाठन आदि व्यवस्था मुफ्त होती है। भोजन पकाने के लिए रसोइयों की तैनाती है। मगर 100 छात्राओं का पंजीकरण होने से रोटी बनाने में कुछ समय लग जाता है। छात्राएं कपड़े खुद धुलती हैं या फिर घर से धुलकर आते हैं। इसे देखते हुए विभाग ने रोटी मेकिंग मशीन व कामर्शियल वॉशिंग मशीन के साथ ही जनरेटर खरीद के लिए जिले को करीब 20 लाख का बजट दिया है।
रोटी मेकिंग मशीन से एक बार में 50 से 2000 रोटियां बनाई जा सकती हैं। वहीं वॉशिंग मशीन मिलने से छात्राओं को धुले हुए कपड़े मिलेंगे। कपड़ों को धुलना नहीं होगा। गौरतलब है कि जिले में ब्लॉक कमालगंज, शमसाबाद, राजेपुर, नवाबगंज व कायमगंज में बा विद्यालय संचालित हैं।
बा विद्यालयों में इस तरह होगी खरीद
बा विद्यालय राजेपुर, शमसाबाद, नवाबगंज, कायमगंज व कमालगंज में दो-दो लाख से एक-एक कामर्शियल वॉशिंग मशीन की खरीद होगी। बा विद्यालय राजेपुर, शमसाबाद व कमालगंज में डेढ़-डेढ़ लाख रुपये से एक-एक जनरेटर सेट खरीदा जाएगा। बा विद्यालय शमसाबाद व कमालगंज में 4.25-4.25 लाख की लागत से एक-एक रोटी मेकिंग मशीन खरीदी जाएगी।
बोले जिम्मेदार
‘बा विद्यालयों में रोटी मेकिंग मशीन, कामर्शियल वॉशिंग मशीन व जनरेटर सेट के लिए 23 लाख का बजट मिला है। जल्द ही टेंडर डलवाकर इनकी खरीद करवाई जाएगी।’