पांचालघाट गंगा में चचेरे भाइयों के डूबने की जानकारी पर घाट पर लगी भीड़। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। सेना की परीक्षा देने आए दो चचेरे भाई पांचाल घाट पर गंगा स्नान करते वक्त डूब गए। गोताखोरों ने एक को बचा लिया, जबकि दूसरे का शव एक घंटे बाद मिला। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
हरियाणा के जिला रेवाड़ी के लोहाड़ा निवासी रोबिन (22), अपने चचेरे भाई नवीन (21) के साथ सिखलाइट रेजिमेंट में परीक्षा देने आया था। परीक्षा देने के बाद दोपहर करीब तीन बजे दोनों भाई पांचाल घाट स्थित नमामि गंगे घाट पर स्नान करने चले गए। अचानक तेज धार से रोबिन गहरे पानी में चला गया। भाई को डूबता देख नवीन ने बचाने का प्रयास किया, तो उसे भी गोता लगने लगेे।
गंगा में नाव लिए खड़े गोताखोरों ने नवीन को तुरंत ही निकाल लिया। रोबिन गहरे पानी में चले जाने से डूब गया। सूचना पर पहुंची पांचाल घाट चौकी पुलिस ने गोताखोर के मुखिया अक्षय, दानिश तथा जुल्फिकार को गंगा में उतारा।
करीब एक घंटे के प्रयास के बाद रोबिन का शव मिला। भाई का शव देख नवीन रोने लगा। नवीन ने बताया कि रोबिन माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनें पूजा और कल्याणी हैं। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैै।