फर्रुखाबाद। नलकूप विभाग में फर्जी कर्मचारियों के नाम से 16.24 लाख रुपये वेतन का गबन होने के बाद अधिशासी अभियंता का तबादला हो गया है। उनकी बलिया भेजा गया है, जबकि सीतापुर के एक्सईएन को फर्रुखाबाद में तैनात किया गया है।
नलकूप विभाग में अधिशासी अभियंता अनिल कुमार सिंह की अक्तूबर 2021 में तैनाती हुई थी। लेखाकार के बिना हस्ताक्षर करोड़ों का भुगतान कर दिया गया। इसकी शासन स्तर से जांच चल रही है। इसके बाद छह फर्जी कर्मचारियों के वेतन के नाम पर 16.24 लाख रुपये का गबन किया गया। मुख्यमंत्री व सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री से शिकायत के बाद शासन से पूछताछ होते ही विभाग में हड़कंप मच गया।
खुद को बचाने के लिए अधिशासी अभियंता ने कैशियर मनोज कुमार व सिंचाई विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर फैजान के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज करा दिया। अब अधिशासी अभियंता अनिल कुमार सिंह के अनुरोध पर संयुक्त सचिव रामनारायण त्रिपाठी ने उनका स्थानांतरण जनपद बलिया के लिए कर दिया है। उनके स्थान पर सीतापुर के अधिशासी अभियंता शशांक कुमार की जिले में तैनाती की गई है।