नवाबगंज। आढ़ती समेत तीन के घरों से चोर आठ लाख के जेवर व नकदी उठा ले गए। सुबह जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। सीओ मोहम्मदाबाद और थाना पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने जांच की। नमूने एकत्र किए गए। खोजी कुत्ता आस्कर भी बुलाया गया। वह काफी दूर तक गया लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
थानाक्षेत्र के गांव नगला गुलरिया निवासी प्रधान महेंद्र राजपूत के भतीजे इंद्रेश कुमार की नवाबगंज-अचरा मार्ग पर गांव नगला जाटवन में सड़क किनारे परचून की दुकान है। वहीं, पास में ही चचेरे भाई संतोष व भतीजे अमित कुमार उर्फ फौजी की गल्ला आढ़तें हैं। मंगलवार शाम संतोष व अमित कुमार अपनी आढ़तों व ऊपर बने कमरों में
ताला डालकर गांव चले गए। इंद्रेश अपने परिजनों के साथ दुकान के ऊपर बने मकान में सो रहा था। रात में किसी समय चोर पीछे की दीवार से चढ़कर मकान में घुस गए। चोरों ने कमरे में सो रहे इंद्रेश व परिजनों को बाहर के दरवाजे में कुंडी लगाकर बंद कर दिया। चोरों ने दूसरे कमरे के ताले तोड़कर अलमारी व बक्से खोल लिए। उनमें रखे चार लाख रुपये, सोने का एक हार, सोने की चेन, चार अंगूठी, करधनी, कमर गुच्छा, पायलें चोरी कर लीं।
चोरों ने इंद्रेश के मकान से लगे संतोष कुमार के कमरे का ताला तोड़ा और अलमारी से 25 हजार की नकदी, सोने की झुमकी, कुंडल, नथ, दो जोड़ी पायलें व एक अंगूठी आदि चोरी कर लिए। चोरों ने इसके बाद अमित कुमार उर्फ फौजी के कमरे का ताला तोड़ा और बक्से में रखे 10 हजार रुपये पार कर दिए। बुधवार सुबह इंद्रेश की पत्नी जागी और कुंडी बाहर से बंद देखकर शोर मचाया। इंद्रेश जाग गए और किसी तरह बाहर लगी कुंडी को खोला।
जब दूसरे कमरे में देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। भाई संतोष च भतीजे अमित कुमार उर्फ फौजी के कमरे के भी ताले टूटे पड़े थे। उन्होंने चोरी की सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सीओ मोहम्मदाबाद राजवीर सिंह गौर, एसओ सत्यप्रकाश ने मौके पर जाकर छानबीन की। पुलिस को एक बक्सा छत पर मिला। वहां पर कपड़े भी पड़े थे। फोरेंसिक टीम ने दरवाजे, अलमारी, बक्से पर चोरों के हाथ व फर्श से पैरों के निशान के नमूने लिए।
डॉग आस्कर ने घटनास्थल के बाद आसपास के इलाके में दौड़ लगाई। एएसपी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली। इंद्रेश ने बताया कि तीनों घरों से आठ लाख के जेवरात व नकदी चोरी हुई हैं। एएसपी अजय प्रताप ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। चोरी के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गईं हैं।