फर्रुखाबाद। जांच के नाम पर मशीन पर अंगूठा लगवाकर कुछ लोगों ने अभिभावकों के बैंक खाते से यूनिफार्म व जूते की धनराशि पार कर दी। अभिभावकों ने इसकी जानकारी प्रधानाध्यापिका को दी। उन्होंने लोगों के सहयोग से एक महिला व दो युवकों को पकड़ लिया। दो महिलाएं चकमा देकर चली गईं। पकड़े गए लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया और उनके खिलाफ तहरीर दी।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला ग्वालटोली में तीन महिला व दो युवक बायोमिट्रिक मशीन लेकर प्राथमिक स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के घरों में पहुुंचे। इन लोगों ने छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को बताया कि सरकार ने बच्चों की यूनिफार्म व जूते खरीदने के लिए खातों में रुपये भेजे हैं। उसकी जांच करने आए हैं कि रुपये खाते में आए हैं कि नहीं।
अभिभावक अनीता, ममता, रानी, सारिका, मंजीत, शेरा के अंगूठा मशीन में लगवाकर उनके खाते से एक-एक हजार रुपये पार कर दिए। अभिभावकों को रुपये निकलने की जानकारी हुई तो वह मोहल्ले के प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रेशम आरा के पास गए। रेशम आरा ने अधिकारियों से बात की तो पता चला की खाते की कोई जांच नहीं कराई जा रही।
प्रधानाध्यापिका ने अभिभावकों के सहयोग से फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के तिर्वा कोठी निवासी युवक, मोहल्ला नवदिया निवासी महिला व मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला रकाबगंज निवासी युुवक को पकड़ लिया। जबकि दो महिलाएं चकमा देकर भाग गईं। प्रधानाध्यापिका की सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को पकड़कर कोतवाली ले आई। प्रधानाध्यापिका रेशम आरा ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी कर खातों से एक-एक हजार रुपये पार करने के आरोप में तहरीर दी। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही है।