फर्रुखाबाद। माफिया अनुपम दुबे के भाई डब्बन व दो वकीलों सहित चार के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी कर फर्जी शपथ पत्र विवेचना में शामिल करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया। मऊदरवाजा थाने में माफिया अनुपम दुबे के भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन के खिलाफ वर्ष 2023 में अपरहरण, मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया गया था। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी अनुराग दुबे उर्फ डब्बन विवेचना में शामिल करने के लिए डाक के माध्यम से शपथ पत्र भेजा था। दरोगा बलवीर को सिंह को शपथ पत्र की जांच के आदेश दिए गए।
जांच में पता चला कि अनुराग दुबे उर्फ डब्बन के फर्जी हस्ताक्षर बनाए गए। मोहल्ला मछली टोला निवासी उनके वकील बृजेंद्र मोहन अग्निहोत्री ने एक मई 2024 को अनुराग दुबे उर्फ डब्बन के हस्ताक्षर प्रमाणित किए। मोहल्ला गोला कोहना निवासी नोटेरी वकील राजीव कुमार ने फर्जी शपथ पत्र को प्रमाणित किया। याकूतगंज निवासी स्टांप वेंडर ज्ञान प्रकाश गुप्ता ने बिना अनुराग दुबे उर्फ डब्बन के आए स्टांप का विक्रय करना दिखाया। दरोगा बलवीर की तहरीर पर थाने में अनुराग दुबे उर्फ डब्बन, वकील बृजेंद्र मोहन अग्निहोत्री उर्फ टिल्लू, नोटेरी वकील राजीव कुमार, स्टांप वेंडर ज्ञान प्रकाश गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी कर फर्जी शपथ पत्र को प्रामाणित करने का मुकदमा दर्ज किया गया। एसओ भोलेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।