मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। मोहम्मदाबाद क्षेत्र में चोरों की पौबारह है। पखवारा भर में चोर चार घटनाओं को अंजाम देकर लाखों रुपये की चोरियां कर चुके हैं। हैरत तो इस बात की है कि पुलिस अभी तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। प्रभारी निरीक्षक गोलमोल जवाब देकर पल्ला झाड़ रहे हैं। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक ने घटनाओं का जल्द खुलासा करने का दावा किया है।
14 अगस्त को कोतवाली क्षेत्र के इटावा-बरेली हाईवे पर हरियाली बाजार के पास स्थित माई कार वर्कशाप से चोरों ने बैट्री, स्टीरियो आदि चोरी कर लिए थे। गार्ड प्रेमपाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गांव नगला गुलाब निवासी अवधेश यादव के घर से चोर 23 अगस्त की रात दो लाख की नगदी व लाखों रुपये के जेवर चोरी कर ले गए थे। अवधेश यादव ने 30 लाख की बात कही थी। मामले में दूसरे दिन रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने परिजनों पर ही शक जताया, लेकिन अभी तक घटना का खुलासा नहीं किया है। दो सितंबर को चोरों ने गांव नगला बाग रठौरा निवासी इस्लामुद्दीन उर्फ चुन्नू खां के दूसरी मंजिल पर बने कमरे का ताला तोड़कर बक्से नगदी व जेवर पार कर दिए थे। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। इसके अगले दिन तीन सितंबर को चोरों ने कटिन्ना मानिकपुर निवासी ब्रह्मानंद के घर को निशाना बनाया। चोर यहां से 10 हजार की नगदी व सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विनोद शुक्ल ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।
बोले जिम्मेदार
‘मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के नगला गुलाब में हुई चोरी संदिग्ध है। अन्य चोरियों के खुलासे के लिए टीमें लगी हैं। कुछ सुराग भी हाथ लगे हैं। पुलिस घटनाओं का खुलासा करने में लगी है। जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।’
- डॉ. संजय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक।