फर्रुखाबाद। पूर्वोत्तर रेलवे ट्रेनों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने की मंशा से बदलाव कर रहा है। इसी के चलते शमसाबाद रेलवे स्टेशन पर एक और चार सितंबर को चार-चार घंटे का मेगा ब्लॉक दिया गया है। इस दौरान निकलने वाली दो ट्रेनें निरस्त रहेंगी और एक को रोककर चलाया जाएगा।
वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक इज्जतनगर की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि एक और चार सितंबर को शमसाबाद स्टेशन पर तकनीकी काम होगा। इसके लिए सुबह 7.50 से 11.50 तक दोनों दिन मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान किसी भी ट्रेन का आवागमन नहीं होगा। इससे फर्रुखाबाद-कासगंज के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 55343 निरस्त रहेगी। साथ ही कासगंज-कानपुर अनवरगंज के बीच चलने वाली 15040 ट्रेन कासगंज-फर्रुखाबाद के बीच निरस्त रहेगी।
ट्रेन नंबर 09185 मथुरा-छपरा एक्सप्रेस को मथुरा छावनी से कायमगंज के बीच 40 मिनट नियंत्रित करके चलाया जाएगा। ब्लॉक अवधि में मालगाड़ियों को रास्ते में ही रोका जाएगा। स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि आदेश मिल गए हैं।