फर्रुखाबाद जिले में कंपिल थाना पुलिस व एसओजी ने 25 लाख रुपये के 43 किलो गांजे समेत जनपद मैनपुरी व मथुरा के चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
एसओजी प्रभारी जेपी शर्मा व कंपिल एसओ राजेंद्र विक्रम सिंह ने गांजा तस्करों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में बुधवार सुबह चेकिंग अभियान चलाया। निजामउद्दीनपुर चौराहे से भागीपुर जाने वाली सड़क पर दो कारों को रोक लिया। तलाशी ली तो 43 किलो गांजा बोरियों में भरा मिला।
पुलिस ने दोनों कारों से जनपद मथुरा थाना फरह के गांव पिपरोर निवासी हरिओम सिंह चौहान, जनपद मैनपुरी थाना घिरोर के मोहल्ला शाक्यान निवासी आशीष यादव, इसी थाना क्षेत्र के गांव ओय निवासी नितिन यादव, मैनपुरी की सदर कोतवाली के गांव ताल दरवाजा निवासी हरी कश्यप को पकड़ लिया।
पुलिस ने चारों तस्करों के खिलाफ मादक पदार्थ में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। एसपी अशोक कुुमार मीणा ने बताया कि दो कारों से गांजा की तस्करी करके ले जा रहे मैनपुरी व मथुरा के चार तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इन लोगों से पूछताछ की गई थी। गांजा की खेप कहां लेकर जा रहे थे। इसके बारे में भी पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।
सिगरेट में गांजा भरकर पी रहे युवक
फर्रुखाबाद। पूरे जनपद में गांजा के कारोबार ने पिछले दो वर्षों से रफ्तार पकड़ी है। पहले गांजा चिलम पीने वाले पीते थे। अब युवक अधिक पी रहे हैं। पूरे जनपद के ढाबों में गांजा की सप्लाई की जा रही है। युवक 140 रुपये का 20 ग्राम गांजा खरीदकर सिगरेट की तंबाकू मिलाकर पीते हैं। शहर की आवास विकास कालोनी में शाम होते ही ऐसे युवकों का जमावड़ा लग जाता है।