फर्रुखाबाद। आम दिनों में गड्ढे और बारिश में जलभराव, कीचड़ से अब निजात मिलेगी। नगर पालिका 40 लाख रुपये खर्च करके भोलेपुर ओवरब्रिज के दोनों तरफ एप्रोच मार्ग के फुटपाथ पर इंटरलॉकिंग बिछाएगा। इसके लिए खोदाई शुरू कर दी गई है।
भोलेपुर रेलवे क्राॅसिंग पर 25.59 करोड़ रुपये की लागत से ओवरब्रिज बनाया गया था। इसका उद्घाटन पिछले साल जनवरी में किया गया था। इसी दौरान ब्रिज के दोनों तरफ फतेहगढ़ जाने और आने के लिए एप्रोच मार्ग भी बनाया गया। मगर फुटपाथ कच्चे ही पड़े रहे। लिहाजा वाहनों को गड्ढों से होकर गुजरना पड़ रहा था। तेज हवा चलने पर धूल घरों और दुकानों में घुसती है। बारिश के दौरान जलभराव और कीचड़ बड़ी मुसीबत बन गया था।
नगर पालिका परिषद ने जनता की समस्या के समाधान के लिए बिजलीघर दफ्तर से दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से आगे सब्जी विक्रेताओं की दुकान तक फुटपाथ पर इंटरलॉकिंग बिछाने का फैसला किया। करीब 40 लाख की लागत से होने वाले निर्माण कार्य के लिए फुटपाथ की खोदाई का काम भी शुरू कर दिया गया है। इससे आने वाले दिनों में आवागमन में खासा फायदा होगा। नगर पालिका में निर्माण के एई प्रेमपाल सिंह ने बताया कि फुटपाथ निर्माण शुरू हो गया है। इसमें 40 लाख रुपये खर्च आने की उम्मीद है। सब कुछ ठीकठाक रहा तो फतेहगढ़ की ओर भी फुटपाथ पर इंटरलॉकिंग काम करके सुंदरीकरण कराया जाएगा।