फर्रुखाबाद। हाईटेंशन लाइन के करंट से हुई लाइनमैन की मौत पर मुआवजे की मांग कर रहे लोग बुधवार को बिजली विभाग का पुतला दहन करने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद वह देर शाम तक धरना देते रहे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया है।
मऊदरवाजा थाने के गांव कटरी धर्मपुर का सलमान बिजली विभाग में आउट सोर्स पर लाइनमैन था। वह 27 अप्रैल को नखास कब्रिस्तान के पास काम करते वक्त हाईटेंशन लाइन के करंट से झुलस गया था। लखनऊ में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया था।
सामाजिक संस्था सेवा फर्रुखाबाद के संस्थापक फरियाब खान के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुआवजे की मांग को लेकर नगर पालिका में धरना दे रहे हैं। धरना के दूसरे दिन आंदोेलनकारी चौक पर बिजली विभाग का पुतला फूंकने के लिए जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
कोतवाली पुलिस ने धरना पर बैठे लोगों को आश्वस्त किया कि वह तहरीर के आधार पर बिजली विभाग के जिम्मेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लेंगे। देर शाम तक धरना चलता रहा। इस मौके पर तालिब मंसूर, फैजान, अमन सलमानी आदि मौजूद थे।