राजेपुर। चचिया ससुर की तहरीर पर पुलिस ने महिला की हत्या में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अभी तक महिला की हत्या में कोई सुराग नहीं लगा सकी है। वहीं, महिला के गायब मोबाइल नंबर को पुलिस ने सर्विलांस पर लगाया है। उसकी अंतिम लोकेशन व काल के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
थानाक्षेत्र के गांव शेराखार को जाने वाले मार्ग पर जनपद हरदोई निवासी महिला का शव पड़ा मिला था। सिर पर वजनदार वस्तु से प्रहार कर उसकी हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम में हुई थी। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए स्लाइड बनाई गई थी।
महिला के जेठ ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त की थी। उन्होंने बताया कि रविवार को महिला पांचाल घाट पर गंगा स्नान करने के लिए आई थी। महिला के पति की पांच वर्ष पहले ही मौत हो चुकी थी। इस मामले में महिला के चचिया ससुर ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
इसमें कहा कि रात नौ बजे तक घर वापस न पहुंचने पर महिला के मोबाइल पर काल की तो वह स्वीच ऑफ था। उसके बाद से वह महिला को तलाश कर रहे थे। मुकदमे में उन्होंने किसी रंजिश होने की बात का उल्लेख नहीं किया है।
उधर, मामले के खुलासे के लिए पुलिस सर्विलांस का सहारा ले रही है। घटनास्थल की रेंज में आए मोबाइल नंबर की डिटेल खंगाल रही है। अभी तक पुलिस के हाथ कोई खास सुराग हाथ नहीं लगा है।