फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुखार से राजेपुर सरायमेदा में खौफ, 18 घंटे में तीन की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
कमालगंज (फर्रुखाबाद)। ब्लॉक मुख्यालय से महज ढाई किलोमीटर दूर स्थित राजेपुर सरायमेदा गांव में बुखार से हाहाकार मचा है। आठ दिन में गांव में 13 लोगों की बुखार से जान जा चुकी है। पिछले 18 घंटे में दो महिलाओं और एक किशोरी की मौत हुई है। गांव में 200 से अधिक लोग बीमार हैं। गांव में कई बार स्वास्थ्य विभाग की टीम शिविर लगा चुकी है लेकिन स्थिति काबू में नहीं आ रही है।
विज्ञापन

नौ हजार की आबादी वाले राजेपुर सरायमेदा में मुस्लिम आबादी अधिक है। गांव के मुबारक अली की परचूनी की दुकान पर आए लोगों ने बताया कि 18 घंटे में तीन लोगों की जान बुखार से गई है। सोमवार शाम पांच बजे पप्पू की पत्नी सादिया (42) और छह बजे न्यामततुल्ला की 65 वर्षीय पत्नी की मौत हो गई। सादिका का कानपुर में इलाज चल रहा था। डॉक्टर ने डेंगू बताया था। मंगलवार सुबह 11 बजे रूमी बानो पुत्री अरमान की मौत हो गई। 11वीं की छात्रा रूमी को भी कई दिन से बुखार था। परिजनों ने पहले कन्नौज के गुरसहायगंज फिर कानपुर में भर्ती कराया था। ग्रामीणों ने बताया कि रूमी का भी डेंगू का इलाज चल रहा था।
संजीव ने बताया कि गांव में 200 से अधिक लोग बीमार हैं। हर घर में कोई न कोई मरीज है। ज्यादातर लोग दूसरे शहरों में इलाज करा रहे हैं। एक व्यक्ति को बुखार आने के बाद परिवार के दूसरे सदस्य भी बीमार हो जाते हैं। सपा नेता अरशद जमाल सिद्दीकी ने गांव पहुंचकर लोगों को सांत्वना दी।
विज्ञापन

गांव में गंदगी और जलभराव
गांव में बीमारी फैलने का कारण गंदगी और जलभराव को माना जा रहा है। कन्या जूनियर स्कूल के पास गली में जलभराव था। स्कूल के सामने गली में गंदा पानी भरा होने के कारण लोगों ने ईंटें डालकर रखीं हैं, इन्हें पर पैर रखकर निकलते हैं। घूरे भी बस्ती के आसपास ही डाले जाते हैं। दुकानदार मुबारक अली ने बताया कि गंदगी के कारण मच्छर बढ़ गए हैं। दिन में भी दुकान में बैठना मुश्किल हो गया है। सुखदेवी ने बताया कि सामुदायिक शौचालय के पीछे पानी भरा है। मुख्य नाले की सफाई
न होने से जलभराव हो रहा है। जाहिद हुसैन ने बताया कि पंचायत घर के पास भी लोग घूरा डालते हैं। जगह-जगह कूड़े के ढेर भी लगे हैं।
प्रधान ने मस्जिद से कराई साफ सफाई की अपील
ग्राम प्रधान अनवर हुसैन चंदा फौजी ने बताया कि गांव में सफाई कराई जा रही है। घूरे हटाने और साफ सफाई रखने के लिए मस्जिद से कई बार अपील भी कराई गई। स्कूल के बाहर की सड़क पर मिट्टी डलवा दी गई है। दो दिन में सीसी बनाने का काम भी शुरू हो जाएगा।
सफाई न होने से फैल रही बीमारी : सीएमओ
सीएमओ डॉ. सतीश चंद्रा ने बताया कि दो बार राजेपुर सरायमेदा गांव जा चुके हैं। स्वास्थ्य टीम को भी लगातार भेजा जा रहा है। मरीज झोलाछाप के चक्कर में फंसे हैं, मरीज सीएचसी में भर्ती नहीं हो रहे हैं। गांव में एंबुलेंस भेजी गई थी, फिर भी मरीज सीएचसी नहीं आए। गांव में साफ सफाई में लापरवाही की वजह से बीमारी फैल रही है। कई घरों में बाल्टियों में दस-दस तक पानी भरा रखा रहता है। इससे भी बीमारी फैलती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें