फर्रुखाबाद के राजेपर में प्रशासन के आदेश पर दुकानों व घरों की दीवारों पर लगे पोस्टरों को हटा रहे सफाईकर्मी की चार लोगों ने पिटाई कर दी। बचाने आए परिजनों को भी पीटा और बाइक को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित ने चारों हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोपियों की 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं होने पर सफाई कर्मचारी संगठन ने आंदोलन की धमकी दी है। राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव तुषौर निवासी सफाई कर्मचारी रामबाबू की राजेपुर क्षेत्र में ड्यूटी लगी है। पंचायत चुनाव की आदर्श आचार संहिता लगने से प्रशासन के आदेश पर घरों, दुकानों व बिजली के पोलों पर लगे पोस्टरों को हटाया जा रहा है।
29 मार्च को रामबाबू राजेपुर कसबा में मकान की दीवार व दुकानों पर लगे पोस्टरों को हटा रहा था। इसी दौरान जगपाल सिंह, शिवम, गुड्डू और अतुल सिंह ने पोस्टर हटाने का विरोध किया। बात नहीं मानने पर चारों लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। शोर होने पर वहीं पास में मौजूद भतीजे वीरपाल, जितेंद्र, अमित, सुमित व भाई सुरेश, दिनेश बचाने पहुंचे तो उनको भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया।
हमलावरों ने रामबाबू की बाइक तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दी। पीड़ित रामबाबू ने जगपाल सिंह, शिवम, गुड्डू व अतुल सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के नेता अरविंद सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि 24 घंटे में आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं करती है तो आंदोलन किया जाएगा।