कायमगंज। दोस्तों संग बाइक से आ रहे नगर के ट्रांसपोर्ट चौराहा निवासी एक युवक की हादसे में मौत हो गई। उसके दो साथी घायल हो गए। परिजनों ने हादसे की सूचना पुलिस को दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। युवक हेलमेट नहीं लगाए था।
नगर के मोहल्ला ट्रांसपोर्ट चौराहा निवासी सुभाष चंद्र का 18 वर्षीय पुत्र पवन मोहल्ले के अजीत व राजन के साथ बाइक पर सवार होकर होली खेलते हुए ट्रांसपोर्ट चौराहे की ओर जा रहा था। बाईपास रोड पर गैस एजेंसी के पास मोड़ पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीनों युवक घायल हो गए।
घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से पवन को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां पवन की मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले गए। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। पवन दो भाई था। वह बड़े भाई श्यामवीर के साथ कंफेक्शनरी की दुकान पर बैठता था।