कमालगंज। महमदगंज मडैयन घाट से हरदोई को जोड़ने वाले पीपा पुल की जगह जल्द पक्के पुल का निर्माण होगा। इसके लिए लखनऊ से सेतु निगम की आई टीम ने रविवार को सर्वे किया। टीम ने गंगा किनारे आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया।
भोजपुर विधायक नागेंद्र राठौर ने चुनाव के समय रामलीला मैदान में हुई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा में गंगा नदी पर पक्के पुल व बाईपास का निर्माण कराने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को दिया था। 13 मई को जिले में आए लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद को नगर पंचायत अध्यक्ष प्रीति माहेश्वरी ने पुल निर्माण कराने के लिए ज्ञापन दिया था। मंत्री ने पुल निर्माण कराने की घोषणा की थी।
सेतु निगम की लखनऊ से आई तीन सदस्यीय टीम ने रविवार को सर्वे किया। टीम में सुनील कुमार, धर्मेंद्र कुमार व पप्पू सिंह शामिल थे। फर्रुखाबाद-बरेली मार्ग होते हुए निकले राजेपुर-चाचूपर-कड़हर मार्ग से सर्वे टीम तेरा अकबरपुर पहुंची। वहां तेरा अकबरपुर तिराहे से महमदगंज मड़ैयन घाट पर गंगा पर बने पीपा पुल तक सर्वे किया। इसके बाद कस्बे की गंगा गली के आगे बहोरनपुर टप्पा हवेली, आजादनगर, भिम्मीनगला व भटपुरा का सर्वे किया।
गंगापार व हरदोई जाने में 40 किलोमीटर दूरी कम होगी
टीम प्रभारी का कहना है कि कमालगंज में पुल बन जाने से गंगापार के गांवों व हरदोई जाने में 40 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। पुल दो किलोमीटर से 200 मीटर कम यानी 1800 मीटर लंबा बनेगा। इसमें 60 से 62 पिलर बनेंगे। पुल की लंबाई को छोड़कर 2200 मीटर लंबी अप्रोच रोड बनेगी। सर्वे रिपोर्ट जमा हो जाने के बाद लखनऊ से साइड सेलेक्शन टीम आएगी।