फर्रुखाबाद। हाईस्कूल और इंटर बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शनिवार से शुरू होगा। मूल्यांकन के लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं। इसमें दो केंद्रों पर हाईस्कूल और एक केंद्र पर इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। निगरानी के लिए तीनों केंद्रों पर पर्यवेक्षक तैनात कर दिए गए हैं।
उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए जिले में आनी शुरू हो गईं हैं। राजकीय इंटर कॉलेज, महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। केआर रस्तोगी इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद में इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया जाएगा।
संयुक्त शिक्षा निदेशक केके गुप्ता ने मूल्यांकन केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज में रामदर्शनी राजकीय इंटर कॉलेज भटासा के प्रधानाचार्य महेश चंद्र राजपूत, केआर रस्तोगी इंटर कॉलेज में राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ के उप प्रधानाचार्य महेश चंद्र पाल और महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिसामपुर की प्रधानाचार्य संगीता यादव को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
मूल्यांकन के लिए शिक्षकों की ऑनलाइन ड्यूटी लग गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. आदर्श कुमार त्रिपाठी ने प्रधानाचार्य को ड्यूटी लगे कर्मचारियों को रिलीव करने का आदेश दिया है। वहीं शिक्षकों को शनिवार सुबह 10 बजे मूल्यांकन केंद्र पर उपस्थित होने का आदेश दिया है।