कंपिल स्थित मेडिकल स्टोर में दवा के नमूने लेते ड्रग इंस्पेक्टर अशोक कुमार जैन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कंपिल। नकली व नशीली दवाएं बेचने की शिकायत पर ड्रग इंस्पेक्टर ने कंपिल के दो मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। टीम ने दोनों मेडिकल स्टोर से तीन-तीन नमूने लिए। दवाओं की खरीद-फरोख्त के अभिलेखों की जांच की। कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया।
कस्बे के मोहल्ला चौधरियान निवासी गोलू यादव ने गगन व कंपिल मेडिकल स्टोर पर नकली व नशीली दवाओं की बिक्री के साथ फर्जी बिलिंग की शिकायत की थी। इस पर शुक्रवार को ड्रग इंस्पेक्टर अशोक कुमार जैन ने दोनों मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। जांच में टीम को ज्यादा अनियमितता तो नहीं मिली, लेकिन टीम ने दोनों मेडिकल स्टोरों से तीन-तीन दवाओं के नमूने लिए।
दोनों मेडिकल स्टोरों में 10-10 दवाओं की खरीद व बिक्री संबंधी अभिलेखों की जांच की। बिल बुक को देखा। कंपिल मेडिकल स्टोर में सीसीटीवी कैमरे न लगे होने पर नाराजगी जताई। इस दौरान टीम ने शिकायतकर्ता को सामने आने के लिए फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद था।
छापे की जानकारी पर केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष स्वदेश राजपूत भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शिकायत को फर्जी बताया। छापे से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप रहा। अधिकांश मेडिकल स्टोर संचालकों ने दुकानों के शटर गिरा दिए।