पुलिस लाइन में सलामी लेते आईजी प्रशांत कुमार। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। माफियाओं के खिलाफ थानेदार कड़ी कार्रवाई करें। महिला संबंधी अपराधों में गंभीरता से त्वरित कार्रवाई करें। लंबित विवेचनाओं व वांछित अपराधियों की धरपकड़ कर उनको जेल भेजें। दो दिवसीय दौरे पर आए आईजी जोन से थानेदारों को शासन की गाइड लाइन का भी पाठ पढ़ाया।
आईजी जोन प्रशांत कुमार गुरुवार दोपहर दो दिवसीय दौरे पर फतेहगढ़ पहुंचे। पुलिस लाइन सभागार में सीओ व एसओ की बैठक ली। उन्होंने चारों सर्किल में आपराधिक घटनाओं व खुलासे के बारे में जानकारी की। लंबित विवेचनाओं व वांछित अपराधियों की धरपकड़ में सुस्ती पर मातहातों की फटकार लगाई। थानेदारों को चेताया कि महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई करें। इसमें हीलाहवाली बर्दास्त नहीं की जाएगी।
लूट, डकैती व गंभीर घटनाएं करने वाले अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई कर उनकी संपत्ति को जब्त करें। इस दौरान एसपी अशोक कुमार मीणा, एएसपी अजय प्रताप, सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह, अजेय कुमार शर्मा, सोहराब आलम, राजवीर सिंह आदि मौजूद रहे। इसके बाद आईजी जहानगंज थाने का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां उन्होंने अभिलेख देखे।