कमालगंज में अतिक्रमण कर बनाई गई दुकान ढाहती जेसीबी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कमालगंज। कस्बे में बुधवार को अवैध कब्जों पर बुलडोजर गरजा। स्थायी अतिक्रमण हटना शुरू हुआ तो व्यापारियों ने न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन होने की बात कही। स्थगन आदेश भी दिखाया, पर अधिकारियों ने उनकी बात नहीं मानी और नाले पर आगे तक बनीं दुकानों को बुलडोजर ने ढहा दिया।
नायब तहसीलदार व ईओ मुन्ना कुमार फोर्स के साथ कस्बा के कानपुर-फतेहगढ़ मार्ग स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचे। वहां मंदिर के निकट पड़े टिन शेड को जेसीबी ने तोड़ दिया। इसके बाद बुलडोजर स्थायी अतिक्रमण की ओर बढ़ा, तभी दुकानदार श्रीपाल, इकरारूद्दीन, सतीश, मुन्नालाल आदि ने नायब तहसीलदार को अभिलेख दिखाए। कहा कि उन लोगों का न्यायालय में वाद लंबित है।
इसमें स्थायी अतिक्रमण न गिराने का स्थगनादेश भी है। नायब तहसीलदार ने इसकी जानकारी पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को दी। इस पर पीडब्लूडी अधिकारियों ने कहा कि रेलवे तिराहे से हनुमान मंदिर तक नगर पंचायत का नाला है। नाले के आगे सभी अस्थायी व स्थायी निर्माण अतिक्रमण की श्रेणी में हैं। चिह्नांकन कर नोटिस भी जारी की गई थीं। इसके बाद जेसीबी से हनुमान मंदिर से रेलवे तिराहे तक नाले पर आगे तक बनीं दुकानों को तोड़ दिया गया।
मंदिर से तिराहे तक निर्माण ध्वस्त करने के बाद रेलवे रोड पर दुकानों के आगे नाली पर पटियां आदि हटाई गईं। एसडीएम सदर संजय कुमार ने अतिक्रमण हटाओ अभियान की अधिशासी अधिकारी व पीडब्लूडी अधिकारियों से जानकारी ली। मुख्य मार्ग पर दुकानों के आगे से पटिया, टिन शेड, जाल आदि हटाए गए। इस दौरान भीड़ से मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। भीड़ हटाने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।