कमालगंज। कुछ ग्राम पंचायतों में हैंडपंप रिबोर के नाम पर खेल किया गया। सामान्य खराबी वाले हैंडपंप की बोरिंग फेल दिखाकर नई बोरिंग का पैसा निकाल लिया गया। इसको देखते हुए अब सीधे बोरिंग कराने पर रोक लगा दी गई है। अब अभियंता या टेक्नीशियन की रिपोर्ट के बाद ही हैंडपंप रिबोर कराया जा सकेगा।
चंदनपुर ग्राम पंचायत में स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे खंड विकास अधिकारी को हैंडपंप रिबोर में गड़बड़ी मिली थी। इस पर तत्कालीन सचिव को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया था। सचिव मौके पर रिबोर हैंडपंप नहीं दिखा सकी थीं। अब खंड विकास अधिकारी आलोक आर्य ने आदेश जारी कर ग्राम प्रधानों से कहा कि वह रिबोर की आवश्यकता वाले हैंडपंप के संबंध में ब्लाक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देंगे।
अभियंता या बोरिंग टेक्नीशियन मौके पर जांच करेंगे। जांच में आवश्यकता होने पर ही हैंडपंप रिबोर कराया जा सकेगा। नई व्यवस्था के तहत अजीजलपुर, गदनपुर, कुंदनगणेशपुर, रूनी चुरसई, बर्नाबुजुर्ग के प्रधानों ने हैंडपंप रिबोर कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। इस पर बोरिंग टेक्नीशियन को जांच के लिए कहा गया है।