लखनऊ में राज्यपाल से गोल्ड मेडल लेते उमंग तिवारी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। बीटेक में मेकेनिकल इंजीनियरिंग में टॉप करने वाले उमंग तिवारी को राज्यपाल ने स्वर्ण पदक प्रदान किया। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर की इटावा शाखा में पढ़ते हुए उन्होंने 79.8 प्रतिशत अंक पाकर टॉप किया है।
फतेहगढ़ के जेएनवी रोड निवासी उद्यान निरीक्षक विनय कुमार तिवारी के पुत्र उमंग को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सोमवार को लखनऊ में हुए कार्यक्रम में स्वर्ण पदक दिया। उमंग ने बताया कि वह कॉलेज के अलावा सात से आठ घंटे पढ़ाई करते हैं। इंडियन आर्मी में जनवरी में उनका टेक्निकल ऑफिसर के लिए इंटरव्यू होना है। सेना में अधिकारी बनकर देश सेवा का मौका मिलेगा। उनका लक्ष्य आईएएस बनना भी है। कहा कि उनके पिता ने भी सीएसए से ही पढ़ाई की थी। बहन शिवांगी लाइफ साइंस से एमएससी कर रही है। राज्यपाल से स्वर्ण पदक मिलने पर मां मधु तिवारी भी खुश हैं।