फर्रुखाबाद। गांव से लौटते वक्त बाइक सवार पूर्व सैनिक को कार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन हरपालपुर अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
हरदोई जिले के हरपालपुर क्षेत्र के गांव इकनौरा निवासी संतोष कुमार द्विवेदी सेना से रिटायर हो चुके थे। वह फतेहगढ़ सिविल लाइन में रहते थे। रविवार को गांव गए थे। मंगलवार दोपहर बाद वापस आते वक्त बरसुइया गांव के पास कार ने टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गए। घायल को हरपालपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर देर शाम परिजन उन्हें लोहिया अस्पताल लाए। वहां मृत घोषित कर दिया गया। पत्नी कांती देवी, बेटा अमित, रोहित और सुमित तथा बेटी निशा में कोहराम मच गया।