कमालगंज। खेत में आलू की फसल में पानी लगा रहा किसान मेड़ पर लगे तारों में उतरे करंट की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गया। बचाने में पुत्र भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन घायलों को सीएचसी ले गए। वहां किसान को मृत घोषित कर दिया गया। सड़क पर जाम लगाने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव शृंगीरामपुर निवासी रावेंद्र जाटव (46) का पड़ोसी गांव चौपेड़ा के पास करीब ढाई बीघा खेत है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे रावेंद्र, बड़े पुत्र सूरज(16) के साथ खेत में खड़ी आलू की फसल में पानी लगाने गया। पानी लगाते समय रावेंद्र पड़ोसी कश्मीर सिंह के खेत की मेड़ पर लगे कटीले तारों में उतारे करंट की चपेट में आ गया। चिल्लाने की आवाज पर सूरज पिता को बचाने पहुंचा तो वह भी झुलस गया। सूचना पर पहुंचे परिजन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सक ने रावेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने रावेंद्र के शव को ले जाकर घर के बाहर शृंगीरामपुर-कन्नौज रोड के किनारे रख दिया। शव सड़क पर रखकर जाम लगाने की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह व खुदागंज चौकी प्रभारी प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खेत की मेड़ पर तारों में करंट दौड़ाने की जानकारी सभी को थी तो फिर पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी गई। परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रावेंद्र की पत्नी राजबेटी, पुत्र सूरज, निखिल व पुत्री सरिता, खुशबू, स्वार्थी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।