कायमगंज। अलीगंज रोड स्थित रेलवे स्टेशन के पास स्थित कारखाना मालिक की मंगलवार रात करंट लगने से मौत हो गई। सुबह जब पड़ोसी दुकानदारों ने पीछे से कूदकर देखा तो उसका शव जमीन पर पड़ा था। वह कारखाना में ही रुककर रात को स्पेलर और चक्की चलाता था।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव शंभू नगला निवासी विनीत (20) का अलीगंज रोड स्थित रेलवे स्टेशन के पास स्पेलर-चक्की लगा है। विनीत उसे चलाता था और रात को उसी में सोता था। मंगलवार रात विनीत अंदर सो रहा था। सुबह जब काफी देर तक कारखाने का शटर नहीं खुला तो आसपास के दुकानदारों ने खटखटाया। जवाब नहीं मिलने पर अनहोनी की आशंका से दुकानदार लोहे के मुख्य गेट पर चढ़कर अंदर पहुंचे। धक्का मारकर दरवाजा खोला तो अंदर विनीत का शव जमीन पर पड़ा मिला। उसक ा हाथ सीने पर था,जिसमें तार प्लग समेत लिपटा था। आशंका है कि प्लग लगाते समय करंट लगने से विनीत की मौत हो गई।
सूचना पर पहुंचे परिजन शव गांव ले गए। मो बेटे का शव देखते ही बेहोश हो गईं। विनीत इंटरमीडिएट का छात्र था। उसके दो भाई विकाश व आकाश हैं।