बढ़पुर स्थित विश्वकर्मा मंदिर में हवन करते श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। विश्वकर्मा की पूजा कर पूरे जनपद में जयंती धूमधाम से मनाई गई। मंदिर में विश्वकर्मा के जयकारे लगाए गए। कारखानों व बिजली घरों में उपकरणों की साफ-सफाई कर आरती उतारी गई।
शहर के क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के सामने विश्वकर्मा मंदिर को फूलों से सजाया गया। यहां पहुंचे राधेश्याम, पूरनलाल, रामकुमार, सुग्रीव, रामजीत ने मंदिर में हवन किया। भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी गई। मंदिर में भगवान विश्वकर्मा के जयकारे लगाए गए। रोडवेज वर्कशॉप में सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने पूजन किया।
जनपद के सभी कारखानों में शुक्रवार को उपकरणों की साफ-सफाई कर सजाया गया। वहां पेशे से जुड़े लोगों ने अपने उपकरणों पर वंदन लगाकर उनकी आरती उतारी। सभी बिजली घरों में भी अवर अभियंता की मौजूदगी में पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की गई। मिस्त्री वर्ग के लोगों ने भी दुकानों को सजाया और भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर पूरे वर्ष अच्छा कारोबार चले इसकी प्रार्थना की।