फर्रुखाबाद। विशेष अदालत एससीएसटी के न्यायाधीश के आदेश पर फतेहगढ़ कोतवाली में बिजली विभाग के एसडीओ, विजिलेंस जेई, टीजी-टू, समेत 11 कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसकी विवेचना सीओ सिटी ने शुरू कर दी है।
फतेहगढ़ के मोहल्ला लोकोरोड भोलेपुर निवासी अधिवक्ता आदित्य कुमार ने बिजली विभाग के एसडीओ जितेंद्र सिंह, टीजी-टू गोपाल मिश्रा, विजिलेंस जेई संदीप कुमार, कर्मचारी शैलेंद्र शाक्य, मुनेश चंद्र बाजपेई, श्यामवीर और पांच अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ कोर्ट में अर्जी दायर की थी। इसमें आरोप है कि पिता के नाम घर में बिजली कनेक्शन है। कोई बकायेदारी नहीं हे। 22 जुलाई 2021 को सुबह घर के बाहर मीटर के पास खड़े होकर बिजली विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तांक झांक कर रहे थे। बाहर आकर उन लोगों से बात कर बकायेदारी न होने की जानकारी दी। आरोप है कि उन लोगों ने रुपये की मांग की। वीडियो बनाने लगे और चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी देकर चले गए। शाम पांच बजे एसडीओ व जेई से मिलने उनके कार्यालय गए।
भोलेपुर स्थित डिवीजन कार्यालय में जेई व एसडीओ ने बीस हजार रुपये की मांग की, मना करने पर वह जाति सूचक गाली गलौज कर मारपीट करने लगे। साथ में आए अधिवक्ता साथियों ने बचाया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ सिटी ने जांच शुरू कर दी है।
एसडीओ ने किया था अनशन
एसडीओ जितेंद्र सिंह ने अधिवक्ता पर झूठा आरोप लगाकर फर्जी मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई करने का विरोध किया था। डिवीजन कार्यालय में एसडीओ 13 सितंबर को अनशन पर बैठ थे। 14 को सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी ने निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन देकर एसडीओ का अनशन तुड़वाया था।