नवाबगंज के मोहल्ला नया गनीपुर में फटी आटा चक्की को देखते लोग। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
नवाबगंज। ट्रैक्टर से चलने वाली आटा चक्की फटने से पिता-पुत्री और चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां बच्ची और चचेरे भाई की हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना क्षेत्र के गांव नया गनीपुर निवासी रामनरेश राठौर ट्रैक्टर से चक्की चलाने का काम करते हैं। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे उनका चचेरा भाई टिंकू राठौर (32) गेहूं की पिसाई कर रहा था। अचानक चक्की धमाके के साथ फट गई। चक्की फटने से उछले पत्थर काफी दूर तक टकराए। इन्हीं पत्थरों से टिंकू राठौर, रामनरेश राठौर व रामनरेश की आठ वर्षीय पुत्री अंशिका घायल हो गई। एक मोटा पत्थर काफी दूर पड़ोसी रामप्रसाद की दीवार में जा लगा। इससे वह टूट गई। महेश राठौर के घर के बाहर बंधी पड़िया पत्थर लगने से घायल हो गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर अंशिका और टिंकू को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल में दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। सिर में चोट होने की वजह से बच्ची के चेहरे पर सूजन बढ़ती जा रही है। रामनरेश के हाथ में गंभीर चोट है।