मोहम्मदाबाद। करंट से मंगलवार रात को एक युवक की मौत हो गई। इस मामले में एसडीओ सहित चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। गांव में अचानक एलटी लाइन में एचटी करंट आने से कई ग्रामीणों के घरेलू उपकरण फुंक गए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खटा निवासी सत्यपाल का 22 वर्षीय पुुत्र शीलू यादव मंगलवार रात को अपनी झोपड़ी में खाना खा रहा था। झोपड़ी के अंदर सबमर्सिबल का स्टार्टर लगा था। रात को अचानक एलटी लाइन में एचटी करंट आ गया। इससे स्टार्टर से चिंगारी निकली और झोपड़ी में आग लग गई। शीलू आग बुझाने के लिए उठा और स्टार्टर की चपेट आ गया। करंट लगने से उसकी मौत हो गई। सत्यपाल व उनकी पत्नी रेशमवती ने झोपड़ी में लगी आग को बुझाया। शीलू की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। पिता सत्यपाल की तहरीर पर पुलिस ने एसडीओ रघुनाथ तित्तल, जेई दीपक सिंह, लाइनमैन रोहित व एक अज्ञात के खिलाफ लापरवाही के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा कि मंगलवार को दो बजे बिजली खराब हो गई थी। रोहित अपने एक साथी के साथ रात नौ बजे लाइन सही करने आया। उसने एलटी लाइन को एचटी में जोड़ दिया। इससे घरों में एचटी लाइन का करंट पहुंच गया और पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का बुधवार को पोस्टमार्टम कराया।
नलकूप फीडर से गांव की लाइन जोड़ने का आरोप
गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि पहले गांव में बंच केबल पड़ा था। गांव की लाइन कस्बे से जुड़ी थी। एक माह पहले गांव की लाइन को नलकूप फीडर से जोड़ दिया गया। लाइनमैन व उसके साथी ने रात को नौ बजे लाइन जोड़ी थी। इसके बाद घरों में एचटी लाइन का करंट आने से ग्रामीण बृजमोहन का सबमर्सिबल फुंक गया। मुनेश के घर में पंखे के तार में आग लग गई। अवधेश सिंह के दो पंखे, टीवी खराब हो गया। दलवीर के दो पंखा, फ्रिज, वाशिंग मशीन फुंक गई।