फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात खेत की रखवाली कर रही महिला से पांच लोगों ने तमंचे दिखाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला ने चाचा के साथ एसपी के पास पहुंचकर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसपी ने अमृतपुर एसओ को जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
गांव निवासी महिला के खेत में रविवार रात लगभग आठ बजे पानी लगाया गया था। वह खेत की रखवाली कर रही थी। तभी गांव के पांच लोग शराब के नशे में पहुंचे और पास के यूकेलिप्टस के बाग में खींचकर ले गए। वहां तमंचे दिखाकर सभी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। महिला ने शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज निवासी अपने चाचा को घटना की जानकारी दी। सोमवार को चाचा महिला को साथ लेकर एसपी अशोक कुमार मीणा के पास पहुंचे।
महिला ने एसपी को बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। वह सब्जी की फसल बेचकर गुजारा करती है। गांव के ही पांच युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। एसपी ने अमृतपुर एसओ जसवंत सिंह को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।