फर्रुखाबाद ब्लॉक प्रमुख चुनाव: बब्बन ने दर्ज की रिकॉर्ड जीत
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में मतदान कराया गया। तीन प्रत्याशियों में हुए मुकाबले के बाद निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख अमित दुबे बब्बन ने 116 वोट हासिल कर 106 मतों से रिकॉर्ड जीत दर्ज की है।
वहीं सपा प्रत्याशी मात्र 10 वोट हासिल कर अपनी जमानत भी नहीं बचा सके। तीसरे प्रत्याशी को दो वोटों पर ही संतोष करना पड़ा और जमानत जब्त हो गई। जनपद के सात ब्लॉकों में से मोहम्मदाबाद में ही प्रमुख पद पर चुनाव हुआ।
यहां तीन प्रत्याशी मैदान में थे। छह अन्य ब्लॉकों में निर्विरोध निर्वाचन हो गया। शनिवार को हुए चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी अमित दुबे बब्बन व प्रशांत राठौर, जबकि सपा से घोषित प्रत्याशी पंकज कुमार के बीच मुकाबला हुआ।
कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 11 बजे से मतदान शुरू हुआ। इससे पहले सुबह 9:30 बजे पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने एएसपी अजय प्रताप के साथ निरीक्षण कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराए।
एसपी ने 300 मीटर क्षेत्रफल में बीडीसी के अलावा किसी भी व्यक्ति व वाहन के आने पर रोक लगा दी। 10:15 बजे एसडीएम सदर अनिल कुमार व सीओ सोहराब आलम ने निरीक्षण किया। ब्लॉक कार्यालय से गेट और छत तक फोर्स तैनात कर दी गई।
11.40 बजे मतदान स्थल पर प्रेक्षक राजाराम ने पहुंचकर एसडीएम से जानकारी ली। 129 में से 128 वोट डाले गए। भटकुर्री के बीडीसी गुरुदेव सिंह यादव वोट डालने नहीं पहुंचे। तीन बजे के बाद मतगणना हुई। अमित दुबे उर्फ बब्बन को 116 वोट मिले।
वह 106 मतों से विजेता घोषित कर दिए गए। प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी पंकज यादव 10 वोटों से संतोष करना पड़ा। वे जमानत भी नहीं बचा सके। निर्दलीय प्रत्याशी प्रशांत राठौर को अपना मिलाकर दो वोट ही मिले।
जनपद के कुल सात ब्लॉकों में निर्वाचित प्रमुखों में से पांच भाजपा व दो निर्दलीय हैं। सपा के घोषित दो प्रत्याशियों में से एक का नामांकन निरस्त व दूसरे के हारने से सपा का सूपड़ा साफ हो गया। बसपा व कांग्रेस ने प्रत्याशी ही नहीं उतारे थे।
पुलिस के साथ सपा प्रत्याशियों ने डाले वोट
सपा प्रत्याशी पंकज कुमार व निर्दलीय प्रत्याशी प्रशांत राठौर छह बीडीसी के साथ मतदान करने पहुंचे। वोट डालने के लिए वह लोग लाइन में लगे। पुलिस कर्मी उन्हें मतदान के केंद्र के अंदर तक सुरक्षा में ले गए।
वृद्ध राजरानी को कुर्सी पर ले जाया गया
क्षेत्र के गांव जाजपुर गोवा की क्षेत्र पंचायत सदस्य राजरानी (80) अपने हेल्पर अनिल कुमार के साथ वोट डालने पहुंचीं। वह काफी कमजोर हैं। मतदान स्थल पर व्हील चेयर न होने से ब्लॉक कर्मचारी व सहयोगी उन्हें कुर्सी पर बैठाकर मतदान केंद्र तक ले गए। हेल्पर ने उनका वोट डाला।