फर्रुखाबाद। बाइक से सब्जी लेने जाते समय अमृतपुर थाने के मेस इंचार्ज दीवान की बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने से सिर में आई गंभीर चोट से उनकी मौत हो गई। शव लोहिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
कानपुर देहात के थाना औरंगाबाद के गांव भूटा निवासी दीवान योगेंद्र सिंह (57) अमृतपुर थाने में तैनात थे। उनके पास थाने की मेस का चार्ज था। मंगलवार रात करीब 8.30 बजे वे सादे कपड़ों में बाइक से सब्जी खरीदने जा रहे थे। थाने से कुछ दूरी पर गांव खजुरियन नगला के पास किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने से उनके सिर में गंभीर चोट आ गई। स्थानीय लोगों ने चौराहे पर ड्यूटी कर रहे दरोगा दिलीप कुमार को दुर्घटना की जानकारी दी। वह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर दीवान योगेंद्र सिंह को घायल पड़ा देख पुलिस की गाड़ी से एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने योगेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी राजवीर सिंह, शहर कोतवाल वेद प्रकाश पांडेय, अमृतपुर थानाध्यक्ष जसवंत सिंह नर्सिंग होम पहुंचे। इसके बाद शव को लोहिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। एसओ जसवंत सिंह ने बताया कि दीवान योगेंद्र सिंह थाने की बैरक में रहते थे। उनके परिजन कानपुर में रहते हैं। उनको घटना की जानकारी दे दी गई है।
कार की टक्कर से बाइक सवार घायल
फतेहगढ़ के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी अर्जुन (21) रात को करीब नौ बजे बाइक से शहर से घर जा रहा था। तभी नेकपुर के पास कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे अर्जुन घायल हो गया। उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह हेलमेट नहीं लगाए था।