संकिसा। थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव श्योगनपुर निवासी कौशलेंद्र यादव (35) की सड़क दुर्घटना में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। परिजनों ने खेत के बंटवारे को लेकर चचेरे भाइयों पर साजिशन टक्कर मरवाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के विरोध में परिजनों ने संकिसा-भोगांव मार्ग पर जाम लगा दिया, जिसे पुलिस ने तीन घंटे बाद समझाकर खुलवाया।
कौशलेंद्र यादव भोगांव में बिजली के टावर पर कार्य करते थे। सोमवार रात वह काम से लौटते समय जनपद मैनपुरी के थाना भोगांव क्षेत्र के गांव जसराजपुर के पास काली नदी के निकट घायल अवस्था में मिले थे। सूचना मिलने पर परिजन उन्हें फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मौत की खबर मिलने पर पत्नी रेखा देवी, मां फूलश्री और पुत्रियां अलका, अनु व खुशी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि चचेरे भाइयों ने रंजिश के चलते जानबूझकर यह दुर्घटना कराई है। जाम लगने की सूचना पर जनपद मैनपुरी के थाना भोगांव की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।