फर्रुखाबाद। शहर की लाल सराय स्थित रसोई गैस एजेंसी पर दो दिन से आपूर्ति न आने से उपभोक्ता परेशान हैं। शुक्रवार सुबह उपभोक्ताओं की भीड़ पहुंची। पर्ची न काटने की बात सुनकर लोग खफा हो गए। हंगामे की आशंका को देखते हुए एजेंसी कर्मियों ने पुलिस बुला ली। लोग बमुश्किल शांत हुए।
लाल सराय गैस एजेंसी पर बृहस्पतिवार से गैस उपलब्ध नहीं है। एजेंसी पर बुकिंग के बाद करीब 500 उपभोक्ता अपनी पर्ची कटवा चुके हैं। इसके बावजूद उन्हें सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। यही नहीं घरों में भी डिलीवरी नहीं पहुंच रही है। इससे लोग परेशान हैं। शुक्रवार सुबह सात बजे से ही एजेंसी के सामने उपभोक्ताओं की भीड़ जमा हो गई। नौ बजे तक शटर नहीं खोले गए। इसके बाद पहुंचे एजेंसी प्रबंधक फैसल और अन्य कर्मियों ने उपभोक्ताओं को गैस न होने की बात कहकर समझाया। कई दिन से परेशान लोगों में गुस्सा पनपने लगा। मामला बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत किया। एजेंसी कर्मियों ने बताया कि दो दिन से गैस नहीं आई है। इसलिए दिक्कत होती है। हर रोज 300 से अधिक सिलिंडर बंट जाते हैं। शुक्रवार रात तक गाड़ियाँ पहुंचने की उम्मीद है। शनिवार को सिलिंडर घरों में भेजे जाने लगेंगे।