कायमगंज में बाइपास रोड स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल व पेट्रोल भराते लोग। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज। रूस, यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ रही है। ऐसे में भले ही अभी डीजल-पेट्रोल के दामों में कोई इजाफा नहीं हुआ है, लेकिन पेट्रोल पंपों पर डीजल व पेट्रोल की बिक्री जरूर तीन गुना बढ़ गई है। मंगलवार को नगर के अधिकांश पंपों पर डीजल-पेट्रोल खरीदने वालों की लाइन लगी रही। कुछ पेट्रोल पंप संचालकों ने भी स्टॉक करना शुरू कर दिया है।
लोगों को युद्ध के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने की चिंता सताने लगी है। मानना है कि प्रदेश में सरकार बनते ही डीजल-पेट्रोल की कीमतों में 10 से 15 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हो सकता है। यही कारण है कि बीते तीन-चार दिनों से डीजल-पेट्रोल की बिक्री में तीन गुना इजाफा हुआ है। किसान भी डीजल का स्टॉक करने में जुट गए हैं।
पेट्रोल पंप मालिक सचिन अग्रवाल ने बताया कि युद्ध के बाद से पेट्रोल-डीजल की बिक्री बढ़ी है। दो दिन में 12-12 हजार लीटर तेल की बिक्री हो रही है। पहले 1500 लीटर पेट्रोल व 2500 लीटर डीजल की बिक्री थी।
गांव यहियापुर निवासी वाहन स्वामी कासिफ खां पंप पर कार का टैंक फुल कराते मिले। उन्होंने बताया कि सभी वाहनों के टैंक फुल करा लिए हैं। कुछ दिन तो राहत मिलेगी। तेल के दामों में उछाल आने की आशंका है।
गांव औजन नगला निवासी किसान रवि ने बताया कि उनके पास तीन ट्रैक्टर हैं। गेहूं की कटाई का समय आ रहा है। तेल का खर्च बढ़ेगा। मतगणना बाद दाम बढ़ने की चर्चा है। इसलिए डीजल का स्टॉक कर लिया है।