कंपिल। बाढ़ का पानी निकलने के बावजूद नगर पंचायत कपिल क्षेत्र के 12 गांव की बंद की गई बिजली आपूर्ति अभी तक चालू नहीं की गई है। इसको लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने बिजली अधिकारियों से मांग की है कि आपूर्ति बहाल कर दी जाए।
करीब दस दिन पहले बाढ़ से घिरे गांव इकलहरा, ठाकुर नगला, सींगनपुर, शेखपुर, बिहारीपुर, शाहपुर व गंगपुर समेत 12 गांव की बिजली आपूर्ति काट दी गई थी। इसके चलते इन गांवों में रात होते ही अंधेरा पसर जाता है। हालांकि अब इन गांव में बाढ़ का पानी निकल गया है, फिर भी आपूर्ति बहाल नहीं की गई। पातीराम, रामसेवक, रामकिशन, भूरा, पप्पू और अनोखे आदि ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ का पानी गांवों से निकल चुका है।
इसके बावजूद बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई है। बिजली न आने से मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया की बिजली विभाग के स्थानीय अधिकारी फोन तक नहीं उठाते। उन्होंने आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की जेई अजय कुमार से संपर्क किया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। एक्सईएन कायमगंज संजीव कुमार ने बताया कि अगर बाढ़ का पानी निकल गया है तो आपूर्ति चालू कराई जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से बाढ़ प्रभावित गांवों की आपूर्ति काटी गई है।