फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में दो ईएनटी सर्जन की तैनाती के बाद नाक, कान, गला की जांच के लिए मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। ऑडियोमीटर की बोन कंडक्शन खराब होने से कान की जांचें प्रभावित हो रही हैं। लैब में रोजाना 20 से अधिक मरीज आ रहे हैं। सीएमओ को मांग पत्र भेजा गया है।
लोहिया अस्पताल में आयोग से नियुक्त ईएनटी सर्जन डॉ. नवनीत कनौजिया व डॉ. नितिन कुमार की तैनाती है। दोनों ही डॉक्टर मरीजों को देखते हैं। लिहाजा ओपीडी में नाक, कान व गला के औसतन 50 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें से करीब 210 मरीज कान की बीमारी से पीड़ित हैं। इनकी जांच के लिए अलग से बनी लैब में मशीनें भी लगी हैं। मुख्य रूप से दो तरह की मशीनों में कान की पर्दे में आवाज क्षमता की जांच के लिए ऑडियोमीटर मशीन और पर्दे में छेद आदि की जांच के लिए अलग से मशीन लगाई गई है। कान में सुनने की क्षमता जांचने वाली मशीन ऑडियोलॉजी में लगने वाले बोन कंडक्शन मशीन कई दिन से खराब पड़ी है।
ऐसे में मरीजों की जांच प्रभावित हो रही हैै। मरीजों को संतुष्ट करने के लिए आधी अधूरी जांच रिपोर्ट सौंपी जा रही है। इससे उन्हें सही इलाज न मिलने की आशंका है।
सीएमएस डॉ. अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि ऑडियोलॉजिस्ट मोहम्मद नवेद रहमानी ने मशीन खराब होने की जानकारी दी है। यह प्रोग्राम एनएचएम से चल रहा है, लिहाजा सीएमओ को पत्र भेज दिया गया है। मशीन की आपूर्ति वहीं से होनी है।